नई दिल्ली, 28 दिसंबर (ViralTak Fact Check): भारत में आर्थिक सुधारों के जनक और दो बार प्रधानमंत्री (Former PM Manmohan Singh Funeral) रहे मनमोहन सिंह 28 दिसंबर को पंचतत्व में विलीन हो गए। शनिवार को दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। 26 दिसंबर को दिल्ली के एम्स में 92 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली थी। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जाने लगा कि यह उनके निधन से पहले की आखिरी तस्वीर है। हालांकि, वायरल तक की जांच में पता चला कि यह फोटो तीन साल पुरानी है।
क्या हो रहा है वायरल?
एलन मस्क के स्वामित्व वाली सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक यूजर (आर्काइव) ने 26 दिसंबर को अस्पताल के बिस्तर पर लेटे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की एक तस्वीर साझा की और लिखा, “अंतिम तस्वीर मनमोहन सिंह जी की 😥 देश की डूबती आर्थिक स्थिति को बुलंदियों पर ले जाने वाले ऐसे महान शख्शियत को शत शत नमन”
Tweet Link: https://x.com/VermarajuRaju/status/1872324201056776684
मेटा के स्वामित्व वाली सोशल मीडिया साइट पर भी एक यूजर (आर्काइव) ने इस तस्वीर को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आखिरी फोटो बताते हुए लिखा, “डॉक्टर मनमोहन सिंह ने की आखिरी तस्वीर।”
Instagram Post Link: https://www.instagram.com/raushantweets_/p/DEEXVvYPDNC/
क्या है दावे की सच्चाई?
वायरल तक फैक्ट चेक डेस्क ने दावे की सच्चाई पता करने के लिए गूगल लेंस का उपयोग करके वायरल तस्वीर को रिवर्स सर्च किया। ऐसा करने पर हमें इस फोटो से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट मिलीं, जिनमें बताया गया कि यह फोटो 2021 की है।
दैनिक भास्कर ने 14 अक्टूबर 2021 को अपनी खबर में यह तस्वीर लगाई थी। खबर में बताया गया था कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। इसके बाद तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया उनसे मिलने एम्स पहुंचे थे। मूल तस्वीर में मनसुख मंडाविया को भी पूर्व प्रधानमंत्री के सामने खड़े देखा जा सकता है। इसी तस्वीर से मंडाविया वाले हिस्से को क्रॉप करके शेयर किया गया।
वेबदुनिया ने भी 14 अक्टूबर 2021 को अपनी खबर में इस तस्वीर को लगाया था। खबर में दी गई जानकारी के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बुखार और कमजोरी की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती करवाया गया था, जिसके बाद उनका हालचाल जानने के लिए तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया एम्स पहुंचे थे।
मंडाविया ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी।
आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी से AIIMS, नई दिल्ली में मुलाक़ात की व उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली।
मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) October 14, 2021
वायरल तक की जांच से इस बात की पुष्टि होती है कि वायरल तस्वीर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से ठीक पहले की नहीं बल्कि अक्टूबर 2021 की है। हमारी जांच में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह पोस्ट भ्रामक निकला।